दुष्कर्म कांड में मुख्य आरोपित शिक्षक बीरेंद्र गिरफ्तार
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग पूर्व छात्रा से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद को पुलिस ने रविवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। चार दिनों से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही पुलिस टीम को आखिरकार सफलता मिली।

__ लगातार छापेमारी के बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता; प्रभारी एसडीपीओ ने की गिरफ्तारी की पुष्टि, जल्द सामने आएंगे मामले से जुड़े कई अहम तथ्य
केटी न्यूज/डुमरांव
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग पूर्व छात्रा से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद को पुलिस ने रविवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। चार दिनों से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही पुलिस टीम को आखिरकार सफलता मिली। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपित को बक्सर स्टेशन के समीप से गिरफ्तार किया गया है।डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बीरेंद्र प्रसाद की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हालांकि, गिरफ्तारी की कार्रवाई और आरोपित तक पहुंचने के संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

माना जा रहा है कि पुलिस प्रशासन की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले में अब तक हुई कार्रवाई, आरोपित की गिरफ्तारी और जांच में सामने आए तथ्यों की जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी।मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे पुलिस को घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों को स्पष्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने के साथ-साथ अन्य आरोपों और संभावित साक्ष्यों की भी पड़ताल कर सकती है।इससे पहले मामले में दूसरे आरोपित अरविंद कुमार को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उसके पास से मोबाइल फोन बरामद होने के बाद पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच में जुटी है। जांच एजेंसियां मोबाइल में मौजूद संभावित डेटा और मामले से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाल रही हैं।

बताया जाता है कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए रविवार को दिनभर उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस की कई टीमें सक्रिय थीं। स्थायी ठिकाने और पारिवारिक संपर्कों के अभाव के कारण उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। देर रात बक्सर स्टेशन के समीप से गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस मामले में महत्वपूर्ण बढ़त मिली है।अब सबकी नजर पुलिस की प्रस्तावित प्रेस वार्ता पर है, जिसमें मामले की पृष्ठभूमि, गिरफ्तारी की परिस्थितियों और जांच में सामने आए अहम तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।

