वज्रपात की चपेट में आई दुधारू भैंस, पशुपालक को भारी नुकसान
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अमथुआ गांव में शुक्रवार की सुबह अचानक हुए मौसम परिवर्तन के बीच वज्रपात की घटना में एक दुधारू भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। पशुपालक को इस हादसे से भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अमथुआ गांव में शुक्रवार की सुबह अचानक हुए मौसम परिवर्तन के बीच वज्रपात की घटना में एक दुधारू भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। पशुपालक को इस हादसे से भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।जानकारी के अनुसार अमथुआ गांव निवासी लाल मोहर महतो की भैंस गांव के पश्चिम स्थित बधार में अन्य पशुओं के साथ चर रही थी। इसी दौरान सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। ग्रामीण अभी मौसम के बदलाव को समझ ही रहे थे कि अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली भैंस पर गिर गई।

वज्रपात की चपेट में आने से भैंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गिरने की आवाज काफी तेज थी, जिससे लोग कुछ देर के लिए भयभीत हो गए। हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।ग्रामीणों ने बताया कि लाल मोहर महतो पशुपालन के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। भैंस की मौत से उन्हें आर्थिक रूप से बड़ा झटका लगा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।मौसम विभाग द्वारा लगातार खराब मौसम और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की जा रही है। ऐसे में ग्रामीणों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है।

