ज्योति चौक के पास नहर में मिला युवक का शव, पहचान बनी पुलिस के लिए चुनौती

नगर थाना क्षेत्र के ज्योति चौक के समीप गुरुवार की शाम नहर से करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव पड़े होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

ज्योति चौक के पास नहर में मिला युवक का शव, पहचान बनी पुलिस के लिए चुनौती

__ शरीर पर सिर्फ हाफ पैंट, 

मौत की वजह तलाशने में जुटी नगर थाना पुलिस

केटी न्यूज/बक्सर :

नगर थाना क्षेत्र के ज्योति चौक के समीप गुरुवार की शाम नहर से करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव पड़े होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के शरीर पर केवल एक हाफ पैंट था। पुलिस के अनुसार शव ताजा प्रतीत हो रहा है, जिससे घटना के हालिया होने की आशंका जताई जा रही है।शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में भी जानकारी जुटाई, ताकि मृतक की पहचान हो सके। हालांकि देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस अब आसपास के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी है।

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल शव को सदर अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पहचान होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।