दहेज में अपाची बाइक नहीं देने पर वर पक्ष ने शादी से किया इंकार

दहेज में अपाची बाइक नहीं देने पर वर पक्ष ने शादी से किया इंकार

केटी न्यूज/डुमरांव 

दहेज की बलिवेदी पर अक्सर विवाहिताओं के चढ़ने की खबरें सामने आती है। लेकिन शादी से पहले दहेज में अपाची बाइक नहीं मिलने पर एक लड़के वाले ने शादी से इंकार कर दिया है। काफी मान मनौव्वल व सामाजिक स्तर पर समझौते के बाद भी जब बात नहीं बनी तब लड़की के पिता ने लड़का पक्ष के पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कराया है। मामला नया भोजपुर ओपी थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव का हैं। पीड़ित भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकठी गांव के संजय पासवान ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसने अपनी लड़की की शादी नया भोजपुर के गौरीशंकर राम के लड़के से तय की थी। छेका भी हो गया था। छेका में कई बहुमूल्य सामान उपहार स्वरूप दिया गया था। लेकिन बाद में अचानक लड़के वाले दहेज में अपाची बाइक की मांग करने लगे। मैने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला दे अपाची बाइक देने में असमर्थता जताई तो लड़के वाले शादी से इंकार कर गए तथा छेका में उपहार स्वरूप दिए गए कीमती सामानों को लौटाने से इंकार कर दिया और मांगने पर मेरे साथ मारपीट भी किया। संजय ने बताया है कि इस बीच काफी मान मनौव्वल भी हुई, लेकिन इसका कुछ भी असर लड़के वालों पर नहीं हुआ। पीड़ित ने इस मामले में गौरीशंकर राम, शशिरंजन, रवि रंजन सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है। नया भोजपुर ओपी प्रभारी सुबोध कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।