रघुनाथपुर स्टेशन के विकास व ट्रेनों के ठहराव को लेकर रेल मंत्रालय को सौंपा ज्ञापन
रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा रघुनाथपुर के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश सह-संयोजक (कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ) शंभु चंद्रवंशी ने रेल मंत्रालय, नई दिल्ली में संयुक्त निदेशक (ईडी कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा से मुलाकात कर रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन की समस्याओं और ट्रेनों के ठहराव से जुड़ा एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा।
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा रघुनाथपुर के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश सह-संयोजक (कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ) शंभु चंद्रवंशी ने रेल मंत्रालय, नई दिल्ली में संयुक्त निदेशक (ईडी कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा से मुलाकात कर रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन की समस्याओं और ट्रेनों के ठहराव से जुड़ा एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में रघुनाथपुर स्टेशन के समग्र विकास के लिए कई मांगें रखी गईं। इसमें धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए स्टेशन भवन को वाराणसी की तर्ज पर मंदिरनुमा स्वरूप देने तथा मुख्य द्वार पर गोस्वामी तुलसीदास की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग शामिल है।

साथ ही, अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत स्वीकृत 20.5 करोड़ रुपये से चल रहे कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।इसके अलावा बलिया और आरा के बीच प्रस्तावित रेलमार्ग को रघुनाथपुर से जोड़ने की मांग की गई, जिससे दूरी घटकर 35 किलोमीटर हो जाएगी और लागत में भी कमी आएगी। इससे भृगु आश्रम (बलिया) और बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ स्थान (ब्रह्मपुर) जैसे धार्मिक स्थलों का सीधा जुड़ाव संभव होगा।ज्ञापन में कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इनमें मंडुआडीह–पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, हावड़ा–अमृतसर मेल (पंजाब मेल), कुम्भ एक्सप्रेस, उपासना एक्सप्रेस तथा पटना–कोटा एक्सप्रेस शामिल हैं।

साथ ही पटना-वाराणसी इंटरसिटी चलाने और उसका ठहराव रघुनाथपुर में देने की मांग भी की गई। झारखंड के प्रमुख शहरों से चलने वाली ट्रेनों को बक्सर तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।रेल अधिकारियों के साथ इन मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई। इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रेलयात्री कल्याण समिति, दानापुर मंडल के महामंत्री शैलेश ओझा ने कहा कि क्षेत्र के स्टेशनों के चहुंमुखी विकास के लिए समिति लगातार प्रयासरत है।इस मौके पर मनोज सिंह, अजय उपाध्याय, विंध्याचल शाही, भुवर सिद्दकी, विशाल सिंह, आनंद कुमार, रवि कुमार और राजू कुमार समेत कई सदस्य मौजूद रहे।

