केटी न्यूज/बक्सर :
पुरानी रंजिश में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नरबतपुर गांव निवासी एक किशोर को गोली मार दी गई है। गोली उसके हाथ में लगी है तथा वह प्राथमिक इलाज के बाद खतरे से बाहर बताया जा रहा है। यह घटना सोमवार की शाम चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर गड़ही दीवाल के समीप की है। जख्मी किशोर 17 वर्षीय मोहित चौधरी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय सदर अस्पताल पहुंचे और घायल किशोर से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि नरबतपुर के राधेश्याम चौधरी का पुत्र मोहित चौधरी सोमवार की शाम बाइक से महादेवा घाट घूमने जा रहा था, वह जैसे ही गड़ही दीवाल के समीप पहुंचा कि बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करते हुए पहुंचे तथा ओवर टेक कर उसे घेर लिया। दोनों युवकों ने पहले उससे बहस की, इसी दौरान एक ने कट्टा निकालकर गोली चला दी। गोली लगते ही मोहित सड़क पर गिरकर छटपटाने लगा। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद ही जख्मी किशोर की पहचान हो गई। पहचान होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।घायल मोहित ने पुलिस को बताया कि पांच दिन पहले पड़ोस के एक किशोर के साथ गाली-गलौज और विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।