बक्सर में 22 पदों पर होगी बहाली, 13 अक्टूबर को लगेगा रोजगार शिविर

बक्सर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय की ओर से मंगलवार, 13 अक्टूबर को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी कंपनी एसआरवीटी ग्लोबल टैलेंटाइज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गुणवत्ता निरीक्षण अभियंता के 22 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

बक्सर में 22 पदों पर होगी बहाली, 13 अक्टूबर को लगेगा रोजगार शिविर

_ आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक पास युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका, 18 हजार तक वेतन; _ दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में मिलेगी तैनाती

केटी न्यूज/बक्सर।

बक्सर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय की ओर से मंगलवार, 13 अक्टूबर को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी कंपनी एसआरवीटी ग्लोबल टैलेंटाइज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गुणवत्ता निरीक्षण अभियंता के 22 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 18 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। इस रोजगार शिविर में आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक उत्तीर्ण पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजगार शिविर का आयोजन संयुक्त श्रम भवन स्थित जिला नियोजनालय परिसर, आईटीआई मैदान, बक्सर में किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक संचालित होगा। कंपनी अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर मौके पर ही चयन प्रक्रिया पूरी करेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है।

__ दिल्ली-एनसीआर से गुजरात तक मिलेगा काम का अवसर

इस भर्ती के तहत चयनित युवाओं को दिल्ली-एनसीआर, पुणे, महाराष्ट्र और गुजरात में कार्य करने का अवसर मिलेगा। तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए यह रोजगार शिविर निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अच्छा अवसर माना जा रहा है। हालांकि, नियुक्ति से संबंधित नियमों और शर्तों के लिए संबंधित कंपनी स्वयं जिम्मेवार होगी।

__ नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य, प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क

रोजगार शिविर में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का जिला नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जिन युवाओं ने अब तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। शिविर में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा और आधार कार्ड साथ लाना होगा। रोजगार शिविर में प्रवेश के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया में उसकी भूमिका केवल सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित रहेगी। नियुक्ति की शर्तों और अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन नियोजक कंपनी करेगी। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचें और रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाएं।