विश्वामित्र महोत्सव की तैयारी तेज, 20 फरवरी तक सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश
आगामी 21 फरवरी को आयोजित होने वाले विश्वामित्र महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला ने शुक्रवार को किला मैदान, बक्सर का स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
-- जिलाधिकारी साहिला ने किला मैदान का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने व साफ-सफाई पर जोर
केटी न्यूज/बक्सर
आगामी 21 फरवरी को आयोजित होने वाले विश्वामित्र महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला ने शुक्रवार को किला मैदान, बक्सर का स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को किला मैदान से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि महोत्सव की तैयारियां हर हाल में 20 फरवरी तक पूर्ण कर ली जाएं, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिलाधिकारी ने किला मैदान के बाहर अवस्थित अस्थायी अतिक्रमण को अविलंब हटाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल के आसपास स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही मैदान में पर्याप्त साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने, नियमित रूप से कूड़ा उठाव कराने तथा पूरे परिसर को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया।महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने चलंत शौचालय की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था कराने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वाेपरि है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप हों।

निरीक्षण के क्रम में मंच निर्माण, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने को कहा।मौके पर अपर समाहर्ता बक्सर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी बक्सर, जिला खनन पदाधिकारी बक्सर तथा कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विश्वामित्र महोत्सव को भव्य एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं, ताकि बक्सर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिल सके।

