गांधी जयंती पर चुरामनपुर में गूंजी स्वच्छता और नशामुक्ति की मुहिम
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सुधार उत्सव, नशा मुक्त बिहार अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत आयोजित इस ग्राम सभा में स्वच्छ, नशामुक्त और विकसित समाज के निर्माण को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।


__ विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों को दिलाया गया जनभागीदारी का संकल्प, गांधी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
केटी न्यूज/बक्सर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सुधार उत्सव, नशा मुक्त बिहार अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत आयोजित इस ग्राम सभा में स्वच्छ, नशामुक्त और विकसित समाज के निर्माण को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए पंचायत के समग्र विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।विशेष ग्राम सभा में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, सहायक समाहर्त्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।ग्राम सभा के दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 को लेकर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। गांव को स्वच्छ रखने के लिए नियमित साफ-सफाई, कचरे का उचित निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में ग्रामीणों की सहभागिता जरूरी है।वहीं, नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।

उपस्थित पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से नशे के खिलाफ सामाजिक स्तर पर एकजुट होकर अभियान चलाने तथा युवाओं को इससे दूर रखने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वच्छता, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से स्वच्छ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प भी कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने के लिए प्रशासन और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।बताया गया कि गांधी जयंती के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर स्वच्छता, नशामुक्ति, जनभागीदारी और पंचायत के समग्र विकास को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

