पौधरोपण व केक काटकर मनाया गया बैंक ऑफ बड़ौदा का 119वां स्थापना दिवस

बैंक ऑफ बड़ौदा की डुमरांव शाखा में सोमवार को बैंक का 119वां स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण से हुई। इसके बाद बैंक अधिकारियों, ग्राहकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में केक काटकर बैंक की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाया गया।

पौधरोपण व केक काटकर मनाया गया बैंक ऑफ बड़ौदा का 119वां स्थापना दिवस

__ सुरक्षित बैंकिंग और साइबर अपराध से बचाव का दिया संदेश, खातों का दुरुपयोग नहीं करने की ग्राहकों से अपील

केटी न्यूज/डुमरांव

बैंक ऑफ बड़ौदा की डुमरांव शाखा में सोमवार को बैंक का 119वां स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण से हुई। इसके बाद बैंक अधिकारियों, ग्राहकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में केक काटकर बैंक की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाया गया।इस अवसर पर शाखा प्रबंधक इमरान अंसारी ने क्षेत्रीय प्रमुख संजय तिवारी की ओर से ग्राहकों, खाताधारकों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा पिछले 118 वर्षों से विश्वास, पारदर्शिता, उत्कृष्ट ग्राहक सेवा और नवाचार के साथ देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों को सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शाखा प्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में ईडीडी (गहन जांच प्रक्रिया) के तहत खातों की सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और साइबर अपराधों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, यूपीआई, ओटीपी, पिन एवं क्यूआर कोड की जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी अन्य व्यक्ति के लेन-देन के लिए अपने खाते या क्यूआर कोड का उपयोग नहीं होने दें।बैंक अधिकारी अवध दुबे ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि अपराधी युवाओं और छात्रों को आसान कमाई का लालच देकर उनके बैंक खातों का उपयोग "मनी म्यूल" के रूप में कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें संदिग्ध ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी, टेलीग्राम या सोशल मीडिया समूहों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

साथ ही उन्होंने कहा कि किसी अन्य व्यक्ति के लिए अपने बैंक खाते, यूपीआई आईडी या क्यूआर कोड के माध्यम से धन का लेन-देन करना गंभीर कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका हो तो इसकी सूचना तत्काल बैंक शाखा अथवा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, नगर परिषद के मुख्य पार्षद (कार्यकारी) सह उपाध्यक्ष अशोक कुमार प्रजापति, पार्षद विकास ठाकुर, निराला, एकराम खान, भाजपा नगर अध्यक्ष विजय कुमार, सुन्नी वक्फ बोर्ड जिलाध्यक्ष शोहराब कुरैशी, दवा व्यवसायी महेंद्र सिंह, बबलू कुमार, नीरज पटेल, अवध कुमार दुबे, गुड्डू कुमार, पीयूष कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राहक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बैंक के 119वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं जागरूक बैंकिंग को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।