रघुनाथपुर में आधार सेवा की दस्तक, अब डाकघर में ही होगा नामांकन और अपडेट
रघुनाथपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को आधार संबंधी काम के लिए अब दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। रघुनाथपुर उप डाकघर में गुरुवार से आधार सेवा केंद्र की शुरुआत हो गई। केंद्र के चालू होते ही पहले दिन पांच बच्चों का आधार नामांकन किया गया।

__ पहले दिन पांच बच्चों का बना आधार, डाक अधीक्षक ने किया सम्मानित; डाक सेवाओं की समीक्षा में लापरवाही पर कर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।
रघुनाथपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को आधार संबंधी काम के लिए अब दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। रघुनाथपुर उप डाकघर में गुरुवार से आधार सेवा केंद्र की शुरुआत हो गई। केंद्र के चालू होते ही पहले दिन पांच बच्चों का आधार नामांकन किया गया। आधार बनवाने पहुंचे एक बच्चे को बक्सर प्रमंडल की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने सम्मानित कर उसका उत्साह बढ़ाया।नए केंद्र के शुरू होने से ग्रामीणों को आधार में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल और बायोमेट्रिक जैसी जानकारियों को अपडेट कराने की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। लंबे समय से आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर जाने को मजबूर लोगों के लिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है।

केंद्र के उद्घाटन के बाद डाक अधीक्षक ने रघुनाथपुर उप डाकघर के अधीन आने वाले बगेन, बरुहा, भादा, एकरासी, रहथुआ, पोखरा, नचाप, कैथी, तीयर, भदवर, बराढ़ी और धरौली शाखा डाकघरों के बीपीएम व एबीपीएम के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने डाकघरों को बचत खाते, सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा तथा ग्रामीण डाक जीवन बीमा से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का निर्देश दिया।बैठक में डाक सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी विशेष जोर दिया गया। डाक अधीक्षक ने रजिस्ट्री और पार्सल की डिलीवरी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी देते हुए कहा कि देरी या अनियमितता सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कर्मियों को घर-घर जाकर डाक विभाग की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।उन्होंने युवाओं को भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0 के जरिए स्वरोजगार से जुड़ने की अपील की। साथ ही बताया कि रक्षा बंधन को लेकर 12 अगस्त से राखी मेल सेवा पर 10 प्रतिशत विशेष छूट मिलेगी।मौके पर सहायक डाक अधीक्षक पुष्पेंद्र कुमार, डाक निरीक्षक कुमार मनीष, उप डाकपाल रवि कुमार रजक समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

