टुड़ीगंज में दो प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की कवायद तेज, सांसद ने रेल मंत्री से की पहल

टुड़ीगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में पहल तेज हो गई है। स्टेशन पर बक्सर-पटना फास्ट पैसेंजर और टाटानगर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग अब रेल मंत्रालय तक पहुंच गई है। बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर दोनों ट्रेनों का टुड़ीगंज स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

टुड़ीगंज में दो प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की कवायद तेज, सांसद ने रेल मंत्री से की पहल

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।

टुड़ीगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में पहल तेज हो गई है। स्टेशन पर बक्सर-पटना फास्ट पैसेंजर और टाटानगर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग अब रेल मंत्रालय तक पहुंच गई है। बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर दोनों ट्रेनों का टुड़ीगंज स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। सांसद की पहल के बाद क्षेत्र के रेल यात्रियों में उम्मीद जगी है।ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रेल यात्री कल्याण समिति की ओर से लगातार प्रयास किया जा रहा था। समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता कामेंद्र कुमार सिंह ने सांसद को पत्र भेजकर यात्रियों की परेशानी से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि टुड़ीगंज स्टेशन आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए रेल आवागमन का प्रमुख केंद्र है।

बावजूद इसके कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।समिति के अनुसार, प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यवसायी और आम यात्री टुड़ीगंज से विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के अभाव में उन्हें बक्सर, डुमरांव या अन्य स्टेशनों का रुख करना पड़ता है। इससे यात्रियों का अतिरिक्त समय और किराया खर्च होता है।समिति ने कहा कि 53201/53202 बक्सर-पटना फास्ट पैसेंजर तथा 18183/18184 टाटानगर एक्सप्रेस का ठहराव मिलने से स्थानीय यात्रियों को पटना, बक्सर सहित अन्य क्षेत्रों की यात्रा में काफी सहूलियत होगी। समिति ने रेल मंत्रालय से क्षेत्र की जरूरत और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ठहराव की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।