चौसा ताप विद्युत परियोजना का सदर विधायक ने किया निरीक्षण, दो वर्षों में पूर्ण संचालन का दिया आश्वासन

सदर विधायक आनन्द मिश्र ने बुधवार को चौसा ताप विद्युत परियोजना परिसर में चल रहे विभिन्न विकासात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति, आ रही चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर गहन चर्चा की।

चौसा ताप विद्युत परियोजना का सदर विधायक ने किया निरीक्षण, दो वर्षों में पूर्ण संचालन का दिया आश्वासन

-- परियोजना से क्षेत्रीय विकास, रोजगार और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मिलेगा बल - आनन्द मिश्र

केटी न्यूज/बक्सर

सदर विधायक आनन्द मिश्र ने बुधवार को चौसा ताप विद्युत परियोजना परिसर में चल रहे विभिन्न विकासात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति, आ रही चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर गहन चर्चा की।निरीक्षण के क्रम में सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएन) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा विधायक को यह आश्वासन दिया गया कि चौसा ताप विद्युत परियोजना को आगामी दो वर्षों के भीतर पूर्ण रूप से चालू कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक मानव संसाधन, तकनीकी सुविधाएं और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कार्य की गति को तेज करने के लिए निरंतर निगरानी भी की जा रही है।सदर विधायक ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि चौसा ताप विद्युत परियोजना बक्सर जिला ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह परियोजना न केवल बिजली उत्पादन को सुदृढ़ करेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में यह परियोजना एक मजबूत कदम साबित होगी।विधायक श्री मिश्र ने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजना से जुड़े श्रमिकों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में वे इस परियोजना से जुड़े लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।निरीक्षण के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के उप समादेष्टा, कंपनी के मानव संसाधन विभाग के अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने विधायक को परियोजना की प्रगति से अवगत कराया और कार्य को समय पर पूरा करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।