सड़क पर धंसा बालू लदा ट्रक, घंटों बाधित रहा आवागमन

प्रखंड मुख्यालय को केसठ बस स्टैंड से जोड़ने वाली सड़क की जर्जर स्थिति के कारण रविवार को बालू लदा एक ट्रक सड़क में धंस गया। ट्रक के सड़क पर फंस जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।बताया जाता है कि बालू लदा ट्रक प्रखंड मुख्यालय की ओर जा रहा था।

सड़क पर धंसा बालू लदा ट्रक, घंटों बाधित रहा आवागमन

__केसठ बस स्टैंड से प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति से बढ़ी परेशानी

केटी न्यूज/केसठ। 

प्रखंड मुख्यालय को केसठ बस स्टैंड से जोड़ने वाली सड़क की जर्जर स्थिति के कारण रविवार को बालू लदा एक ट्रक सड़क में धंस गया। ट्रक के सड़क पर फंस जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।बताया जाता है कि बालू लदा ट्रक प्रखंड मुख्यालय की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण ट्रक का चक्का सड़क में धंस गया और ट्रक आगे नहीं बढ़ सका। ट्रक के फंसने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क लंबे समय से जर्जर है, जिसके कारण आए दिन वाहन चालकों को परेशानी होती रहती है। सूचना के बाद किरान और जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सड़क से बाहर निकाला गया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या के कारण यातायात बाधित न हो।

__आठ माह पूर्व जेसीबी से उखाड़ी सड़क, ग्रामीणों की उम्मीदें अब निराशा में बदलीं

ग्रामीणों के अनुसार करीब आठ माह पूर्व सड़क निर्माण के नाम पर ठेकेदार द्वारा जेसीबी से सड़क को उखाड़ दिया गया था। उस समय सड़क के जल्द निर्माण और बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी थी, लेकिन आठ माह बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। सड़क उखड़े रहने से ग्रामीणों और राहगीरों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को बालू लदे ट्रक का सड़क में चक्का धंसने की घटना ने सड़क की बदहाल स्थिति की पोल खोल दी। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

__गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गई सड़क

सड़क की हालत इन दिनों इतनी बदहाल हो गई है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और बारिश के बाद इनमें कीचड़ जमा हो जाता है। कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को भी आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।