बक्सर में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर सख्ती, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रभारी जिलाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में रसोई गैस (एलपीजी) आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिले में गैस वितरण की स्थिति, मांग और आपूर्ति के बीच अंतर तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

__ 25–45 दिन के अंतराल पर ही बुकिंग की अनुमति, 738 शिकायतों में 656 का निपटारा
केटी न्यूज/बक्सर
प्रभारी जिलाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में रसोई गैस (एलपीजी) आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिले में गैस वितरण की स्थिति, मांग और आपूर्ति के बीच अंतर तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। 13 मार्च से 4 अप्रैल तक 1 लाख 8 हजार गैस सिलेंडरों का वितरण उपभोक्ताओं के बीच किया गया है, जबकि 4 अप्रैल तक एजेंसियों के पास 3895 सिलेंडर का भंडार उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 6419 सिलेंडरों की मांग है, जबकि प्रतिदिन औसतन 5772 सिलेंडरों की पुनर्भरण आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में कुल 26707 बुकिंग लंबित हैं, जिससे लगभग 4.6 दिनों का बैकलॉग बना हुआ है।गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बुकिंग को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। शहरी क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं को अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन निर्धारित की गई है।प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी भी की जा रही है। वरीय पदाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

3 और 4 अप्रैल को कुल 56 एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। कालाबाजारी और जमाखोरी में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।आम उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं। 4 अप्रैल तक नियंत्रण कक्ष में कुल 738 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 656 का त्वरित निपटारा कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि बक्सर जिले में कुल 3,50,545 घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं।

वहीं, व्यावसायिक गैस कनेक्शन की संख्या बक्सर अनुमंडल में 1273 और डुमरांव अनुमंडल में 960 है।प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि एलपीजी, अन्य पेट्रोलियम पदार्थों और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत तय अंतराल पर घर-घर आपूर्ति प्रणाली के माध्यम से ही गैस सिलेंडरों की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

