नशे के खिलाफ बक्सर से उठेगी युवा शक्ति की हुंकार, रविवार को होगा संकल्प अभियान का शुभारंभ
नशे के खिलाफ देशव्यापी जनजागरण को धार देने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की राह पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को बक्सर में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का भव्य शुभारंभ होगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

_ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे राष्ट्रीय अभियान का उद्घाटन, महदह इंजीनियरिंग कॉलेज में जुटेंगे विद्यार्थी, _ एनसीसी-एनएसएस स्वयंसेवक और युवा
केटी न्यूज/बक्सर।
नशे के खिलाफ देशव्यापी जनजागरण को धार देने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की राह पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को बक्सर में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का भव्य शुभारंभ होगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, महदह में आयोजित होगा।अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के साथ उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, युवा स्वयंसेवक, एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।

_नशे से दूरी, विकास से नाता का दिलाया जाएगा संकल्प
जिला युवा अधिकारी संजना वत्स ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही युवाओं से अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने की अपील की जाएगी।कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वस्थ जीवनशैली, खेल और फिटनेस के महत्व पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। अभियान का संदेश स्पष्ट है कि स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकती है।

_जनभागीदारी से बनेगा नशामुक्त समाज
जिला प्रशासन और मेरा युवा भारत की ओर से युवाओं, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। प्रशासन का मानना है कि व्यापक जनभागीदारी के जरिए नशे के खिलाफ मजबूत सामाजिक चेतना विकसित की जा सकती है और युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।

