सूर्य घर योजना से घटेगा बिजली बिल, छत बनेगी बिजली उत्पादन का केंद्र
बिजली के बढ़ते खर्च से राहत और घरों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर विद्युत विभाग ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में जागरूकता शिविर लगाकर उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के फायदे, सरकारी अनुदान और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

__ सरकारी अनुदान से घरों पर लगेगा सोलर रूफटॉप, चौसा में शिविर लगाकर उपभोक्ताओं को दी गई योजना की पूरी जानकारी
केटी न्यूज/चौसा।
बिजली के बढ़ते खर्च से राहत और घरों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर विद्युत विभाग ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में जागरूकता शिविर लगाकर उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के फायदे, सरकारी अनुदान और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।शिविर का नेतृत्व विद्युत विभाग के कनीय अभियंता अजय कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है, ताकि उपभोक्ता अपनी छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली की जरूरत का एक हिस्सा स्वयं पूरा कर सकें। इससे आने वाले समय में घरेलू बिजली बिल में कमी लाने में मदद मिलेगी।

शिविर में लोगों को बताया गया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को घर की छत पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने के लिए सरकार के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अनुदान दिया जाता है। विभागीय कर्मियों ने उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करने, आवश्यक दस्तावेज, सोलर संयंत्र की क्षमता और योजना से जुड़ी अन्य जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी।कनीय अभियंता ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली की बचत का प्रभावी माध्यम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता की जानकारी प्राप्त कर आवेदन करने की अपील की।शिविर में विद्युत विभाग के विनय कुमार सिन्हा, अनिल कुमार, महेंद्र सिंह, दिनेश कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।

