भू-समाधान पोर्टल पर भूमि विवादों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि का निर्देश
समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति, नीलाम पत्र वाद, मद्य निषेध, खनन, विधि-व्यवस्था, भू-विवाद एवं लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।


--डीएम साहिला ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए कई अहम निर्देश, अतिक्रमण हटाने व बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई तेज करने को कहा
केटी न्यूज/बक्सर
समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति, नीलाम पत्र वाद, मद्य निषेध, खनन, विधि-व्यवस्था, भू-विवाद एवं लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।बैठक में जिले की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक से परियोजना प्रबंधक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), पटना भाग के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई तथा उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।भू-विवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भूमि विवादों का त्वरित समाधान है।

उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अंचल स्तर पर भूमि विवादों को लेकर नियमित साप्ताहिक बैठक आयोजित करें तथा प्राप्त सभी परिवाद पत्रों की भू-समाधान पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करें। उन्होंने संवेदनशील मामलों में स्वयं रुचि लेकर शीघ्र निष्पादन करने का भी निर्देश दिया। साथ ही शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सघन अभियान चलाने को कहा गया।नीलाम पत्र वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी थानों को बड़े बकायेदारों के विरुद्ध अभियान चलाकर बॉडी वारंट का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर तथा डुमरांव को पाक्षिक बैठक के माध्यम से नीलाम पत्र वादों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। इसके अलावा प्रत्येक 15 दिनों पर थाना स्तर से बड़े बकायेदारों के विरुद्ध वसूली अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया।नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में बेहतर कार्य करने पर डुमरांव, कोरानसराय एवं नवानगर थानाध्यक्षों की जिलाधिकारी ने सराहना की।खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा पूर्व निर्धारित राजस्व लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है, जिसके परिणामस्वरूप राजस्व संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।

विधि-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान रामरेखा घाट पर जल्द अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों को हर समय क्रियाशील रखने तथा खराब पड़े कैमरों की अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश भी दिया गया।

