नैनीजोर निवासी पुलिस अधिकारी राजेश कुमार का असामयिक निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

नैनीजोर थाना क्षेत्र की दक्षिणी नैनीजोर पंचायत स्थित बड़की नैनीजोर गांव बुधवार को शोक में डूबा रहा। गांव के बेटे और बिहार पुलिस के जांबाज अवर निरीक्षक राजेश कुमार के आकस्मिक निधन से पूरे इलाके में मातम पसरा रहा। हर आंख नम थी और लोग उनके सरल स्वभाव तथा ईमानदार कार्यशैली को याद कर भावुक हो उठे।

नैनीजोर निवासी पुलिस अधिकारी राजेश कुमार का असामयिक निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

नैनीजोर थाना क्षेत्र की दक्षिणी नैनीजोर पंचायत स्थित बड़की नैनीजोर गांव बुधवार को शोक में डूबा रहा। गांव के बेटे और बिहार पुलिस के जांबाज अवर निरीक्षक राजेश कुमार के आकस्मिक निधन से पूरे इलाके में मातम पसरा रहा। हर आंख नम थी और लोग उनके सरल स्वभाव तथा ईमानदार कार्यशैली को याद कर भावुक हो उठे।51 वर्षीय राजेश कुमार पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना में पदस्थापित थे। वर्ष 1998 से बिहार पुलिस में सेवा दे रहे राजेश कुमार लंबे समय से मधुमेह बीमारी से पीड़ित थे। इलाज के सिलसिले में तीन दिन पूर्व अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव बड़की नैनीजोर आए थे।

परिजनों के अनुसार बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्हें तेज हृदयाघात हुआ। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुत्र सत्यम कुमार और शिवम कुमार पिता के पार्थिव शरीर से लिपटकर बिलखते रहे, जबकि पुत्रियां श्वेता कुमारी और श्रेया कुमारी भी गहरे सदमे में थीं। गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

बिहार घाट स्थित श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बिहार पुलिस के जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम सलामी दी। सलामी के दौरान मौजूद लोग भावुक हो उठे और वातावरण गमगीन हो गया। बड़े पुत्र सत्यम कुमार ने मुखाग्नि दी। इस दौरान “राजेश कुमार अमर रहें” के नारों से पूरा घाट गूंज उठा।अंतिम संस्कार में ब्रह्मपुर विधायक शंभू नाथ यादव मुखिया गौरीशंकर तिवारी, पूर्व बीडीसी प्रदीप प्रसाद समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। राजेश कुमार के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की गहरी लहर है।