शादी की पहली सालगिरह के दो दिन बाद युवक लापता, गंगा किनारे पसरा मातम

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा कला गांव में एक दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। गांव के 22 वर्षीय युवक शत्रुघ्न बिंद के गंगा नदी में लापता होने की खबर से परिवार और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। घटना बुधवार देर शाम जनेश्वर मिश्र सेतु (बेयासी पुल) के पास हुई।

शादी की पहली सालगिरह के दो दिन बाद युवक लापता, गंगा किनारे पसरा मातम

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा कला गांव में एक दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। गांव के 22 वर्षीय युवक शत्रुघ्न बिंद के गंगा नदी में लापता होने की खबर से परिवार और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। घटना बुधवार देर शाम जनेश्वर मिश्र सेतु (बेयासी पुल) के पास हुई। सूचना मिलने के बाद से परिजन लगातार युवक की तलाश और उसके सकुशल लौट आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार शत्रुघ्न अपनी बहन को छोड़ने के लिए बेयासी की ओर गया था। उसके साथ गांव का एक अन्य युवक भी मौजूद था। इसी दौरान अचानक वह गंगा नदी की ओर चला गया और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।

साथ रहे युवक ने तुरंत इसकी सूचना परिवार और स्थानीय लोगों को दी। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई और पुलिस को भी सूचना दी गई।ग्रामीणों ने बताया कि शत्रुघ्न शांत स्वभाव का मेहनती युवक था और परिवार की जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाता था। उसकी शादी लगभग एक वर्ष पूर्व दूधघाट गांव निवासी मुन्नी देवी से हुई थी। खास बात यह है कि 12 मई को ही दोनों ने अपनी शादी की पहली सालगिरह मनाई थी। परिवार में खुशियों का माहौल अभी थमा भी नहीं था कि यह घटना हो गई। युवक की पत्नी गर्भवती बताई जा रही है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।