रेल पटरी के किनारे मिला यूपी के युवक का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर बक्सर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर के आगे गोप उनुवाव गांव के समीप सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

केटी न्यूज/चौसा
दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर बक्सर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर के आगे गोप उनुवाव गांव के समीप सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी टनिक राम के 42 वर्षीय पुत्र राजा राम के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उसके पास से मिले आधार कार्ड के जरिए हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक किसी ट्रेन से सफर कर रहा होगा और इसी दौरान चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। युवक की मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि राजा राम किस ट्रेन से यात्रा कर रहा था और वह बक्सर के इस इलाके तक कैसे पहुंचा। इसके लिए रेलखंड पर गुजरने वाली ट्रेनों और अन्य संभावित बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।बताया गया कि घटनास्थल बक्सर रेलवे स्टेशन के आउटर पोस्ट की सीमा से बाहर स्थित है। इसी वजह से मामले की जांच की जिम्मेदारी स्थानीय मुफस्सिल पुलिस के स्तर पर की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

