505 किलो वजन उठाकर उमाशंकर ने रचा इतिहास, बने जिला पावरलिफ्टिंग चैंपियन

मेहनत, जुनून और मजबूत इरादे के दम पर बन्नी पंचायत के भरखरा गांव निवासी उमाशंकर पांडेय ने पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिला मुख्यालय स्थित कलाभवन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उमाशंकर ने 505 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया और जिला चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

505 किलो वजन उठाकर उमाशंकर ने रचा इतिहास, बने जिला पावरलिफ्टिंग चैंपियन

__ 100 से अधिक खिलाड़ियों को पछाड़कर हासिल किया पहला स्थान, अब पटना में राज्य स्तरीय मुकाबले में बक्सर का करेंगे प्रतिनिधित्व

केटी न्यूज/राजपुर।

मेहनत, जुनून और मजबूत इरादे के दम पर बन्नी पंचायत के भरखरा गांव निवासी उमाशंकर पांडेय ने पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिला मुख्यालय स्थित कलाभवन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उमाशंकर ने 505 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया और जिला चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। उनकी इस सफलता ने न सिर्फ भरखरा बल्कि पूरे राजपुर प्रखंड और बक्सर जिले का नाम रोशन किया है।प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न हिस्सों से 100 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। नौ दौर तक चली कड़ी प्रतिस्पर्धा में उमाशंकर ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। मुकाबला आगे बढ़ने के साथ चुनौती बढ़ती गई, लेकिन उमाशंकर ने आत्मविश्वास और दमखम के साथ प्रदर्शन जारी रखा।

अंततः 505 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।जिला चैंपियन बनने के साथ ही उमाशंकर का चयन राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हो गया है। आगामी 6 से 9 अगस्त तक पटना में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वह बक्सर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। अब उनकी नजर राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने पर है।उमाशंकर पांडेय ने कहा कि जिला चैंपियन बनना उनके लिए गर्व का क्षण है। लगातार अभ्यास और अनुशासन की बदौलत यह सफलता मिली है। अब पटना में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर जिले के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे।

वहीं, उमाशंकर के बड़े भाई और चर्चित पत्रकार शंकर पांडेय ने कहा कि उमाशंकर ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे जिले का मान बढ़ाया है। उसकी सफलता से हम सभी गौरवान्वित हैं। उम्मीद है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी वह शानदार प्रदर्शन कर बक्सर का नाम रोशन करेगा।उमाशंकर की सफलता की खबर मिलते ही भरखरा गांव और राजपुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। मुखिया अनिल सिंह, शिक्षक धनंजय मिश्रा, ब्रजेश राय, मिथिलेश ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पटना में उमाशंकर स्वर्ण पदक जीतकर राजपुर और बक्सर का नाम पूरे बिहार में ऊंचा करेंगे।