पुलिस-पब्लिक मैत्री बैठक में शांति, अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था पर मंथन

सोनवर्षा थाना परिसर में रविवार को पुलिस-पब्लिक मैत्री बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने की। इसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लेकर स्थानीय समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।

पुलिस-पब्लिक मैत्री बैठक में शांति, अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था पर मंथन

केटी न्यूज/नावानगर 

सोनवर्षा थाना परिसर में रविवार को पुलिस-पब्लिक मैत्री बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने की। इसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लेकर स्थानीय समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में थाना क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने, भूमि विवादों को समय रहते आपसी समझदारी और प्रशासनिक सहयोग से सुलझाने तथा कानून-व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया गया। किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा गया कि लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

ऐसे में आपसी समन्वय से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित कर धान की रोपनी को प्रभावित होने से बचाया जाए। महिलाओं एवं बच्चियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोनवर्षा बाजार में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था कराने का भी मुद्दा उठाया गया। साथ ही बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया गया। थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह सख्त है।

उन्होंने कहा कि शराब कारोबारियों, तस्करों तथा किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक में जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार उर्फ राजू यादव, मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार, अभय सिंह, रामदेव सिंह, ददन आजाद, अशोक सिंह, ललित प्रताप भानु, वीरेंद्र चौधरी, अवध बिहारी कलामुद्दीन, अजमेर खां सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।