पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता, विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : डीएम साहिला
बक्सर की जिलाधिकारी साहिला ने रविवार को ब्रह्मपुर प्रखंड के निमेज पंचायत सरकार भवन में आयोजित "पंचायत विकास दिवस" कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत कड़ी हैं और राज्य सरकार का उद्देश्य उन्हें अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जनकल्याणकारी बनाना है।


__ ब्रह्मपुर के निमेज पंचायत सरकार भवन में 'पंचायत विकास दिवस' का शुभारंभ, सोलर पैनल के लिए आवेदन और स्वास्थ्य जांच कराने की अपील
केटी न्यूज/डुमरांव
बक्सर की जिलाधिकारी साहिला ने रविवार को ब्रह्मपुर प्रखंड के निमेज पंचायत सरकार भवन में आयोजित "पंचायत विकास दिवस" कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत कड़ी हैं और राज्य सरकार का उद्देश्य उन्हें अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जनकल्याणकारी बनाना है। उन्होंने कहा कि जब पंचायतें मजबूत होंगी, तभी विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंच सकेगा।जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।इसके जरिए पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाती है, आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है तथा विकास कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब आमजन भी इसमें सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएंगे।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं लाभुकों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि पात्र लाभुकों को किसी प्रकार की अनावश्यक देरी या परेशानी के बिना योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। विशेष रूप से उन्होंने लोगों से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक लोग शिविर में आवेदन करें।

इससे बिजली की बचत होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो जाती है, जिससे बेहतर इलाज संभव हो पाता है।कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

