अधिवक्ताओं को मिली बेहतर सुविधा, बक्सर कोर्ट परिसर में आधुनिक मोटरसाइकिल स्टैंड का उद्घाटन

बक्सर व्यवहार न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं को अब अपने वाहनों की पार्किंग के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। न्यायालय परिसर में नवनिर्मित मोटरसाइकिल स्टैंड का उद्घाटन मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झाम्ब ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में सुविधाओं का विस्तार न्यायिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुगम और प्रभावी बनाने की दिशा में आवश्यक कदम है।

अधिवक्ताओं को मिली बेहतर सुविधा, बक्सर कोर्ट परिसर में आधुनिक मोटरसाइकिल स्टैंड का उद्घाटन

__ न्यायालय की व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में पहल, जल्द विकसित होंगी अन्य आधारभूत सुविधाएं

केटी न्यूज/बक्सर।

बक्सर व्यवहार न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं को अब अपने वाहनों की पार्किंग के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। न्यायालय परिसर में नवनिर्मित मोटरसाइकिल स्टैंड का उद्घाटन मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झाम्ब ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में सुविधाओं का विस्तार न्यायिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुगम और प्रभावी बनाने की दिशा में आवश्यक कदम है।भवन निर्माण विभाग की ओर से करीब 4.29 लाख रुपये की लागत से नए एक्साइज न्यायालय भवन के समीप इस मोटरसाइकिल स्टैंड का निर्माण कराया गया है। स्टैंड के शुरू होने से अधिवक्ताओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा मिलेगी। इससे न्यायालय परिसर में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था में कमी आएगी तथा अधिवक्ता अपने न्यायिक कार्यों का बेहतर तरीके से निष्पादन कर सकेंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि न्यायालय परिसर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि न्यायिक कर्मचारियों के लिए वाहन शेड और आम नागरिकों व वादकारियों की सुविधा के लिए सुविधा भवन निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है। इन योजनाओं के पूरा होने से न्यायालय आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।कार्यक्रम में मौजूद न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि न्यायालय सिर्फ फैसले सुनाने का स्थान नहीं, बल्कि आम लोगों को न्याय दिलाने वाली महत्वपूर्ण संस्था है। ऐसे में यहां आने वाले अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। आधुनिक सुविधाओं से न्यायिक कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होता है।वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। उनके लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना न्यायिक प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मोटरसाइकिल स्टैंड जैसी सुविधा भले ही छोटी पहल लगे, लेकिन इससे रोजाना न्यायालय आने वाले सैकड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश मनोज कुमार, उदय प्रताप सिंह, अमित कुमार शर्मा, सुनील कुमार सिंह, सोनेलाल रजक, देवेश कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव विन्देश्वरी प्रसाद पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय, प्रभारी प्रशासन न्यायालय राजीव कुमार श्रीवास्तव, नाजिर संतोष कुमार द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और कर्मी मौजूद रहे।अधिवक्ताओं ने मोटरसाइकिल स्टैंड के निर्माण को न्यायालय परिसर के विकास की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुविधा के लिए अन्य जरूरी कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएंगे।