लंबित कांडों पर पुलिस की सख्ती, जांच में ढिलाई पर होगी कार्रवाई
बक्सर जिले में लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय ने शुक्रवार को मुफ्फसिल थाना का औचक निरीक्षण कर लंबित कांडों की समीक्षा की और अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

__ मुफ्फसिल थाने के निरीक्षण में एसडीपीओ ने दिए समयबद्ध अनुसंधान, वारंट निष्पादन और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले में लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय ने शुक्रवार को मुफ्फसिल थाना का औचक निरीक्षण कर लंबित कांडों की समीक्षा की और अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने विभिन्न आपराधिक मामलों की केस डायरी, अनुसंधान की प्रगति और अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए तथा प्रत्येक अनुसंधान साक्ष्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा हो।

उन्होंने कहा कि चार्जशीट दाखिल करने में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और जांच में कोताही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।एसडीपीओ ने थाना प्रभारी और अनुसंधानकर्ताओं को फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित वारंटों और कुर्की-जब्ती से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अपराधियों पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई हो सके।निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और आम नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

उन्होंने कहा कि थाना आम लोगों के लिए न्याय की पहली सीढ़ी है, इसलिए प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। पुलिसकर्मियों को जनता का विश्वास बनाए रखने, कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने तथा पारदर्शी और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी गई। निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और अनुसंधान में तेजी लाने को लेकर सक्रियता बढ़ गई है।

