जनगणना 2027 की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, लंबित कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।

__ मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का प्रथम चरण जिले में शत-प्रतिशत पूर्ण, वर्किंग मैप और डीसीएचबी कार्य में तेजी लाने पर जोर
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।समीक्षा के दौरान बताया गया कि बक्सर जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य क्षेत्रीय स्तर पर प्रगणकों द्वारा सभी चार्जों में 31 मई तक शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।

बैठक में यह भी बताया गया कि जनगणना निदेशालय से प्राप्त प्रखंड एवं नगर क्षेत्रों के कार्यशील नक्शों का अभिप्रमाणीकरण कर उन्हें निदेशालय को भेजा जाना था। हालांकि इटाढ़ी प्रखंड, नावानगर प्रखंड तथा नगर पंचायत इटाढ़ी से संबंधित कार्य अभी लंबित है। जिलाधिकारी ने संबंधित चार्ज अधिकारियों को अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अविलंब वर्किंग मैप जनगणना निदेशालय, पटना को भेजने का निर्देश दिया।प्रथम चरण की गणना के बाद परिपत्र-20 के अनुसार ग्राम रजिस्टर, चार्ज रजिस्टर, एचएलबी का तैयार नजरी नक्शा तथा संशोधित वर्किंग मैप की एक-एक प्रति डाक विभाग के माध्यम से जनगणना निदेशालय भेजी जानी है।

इसके लिए चार्ज स्तर पर दस्तावेजों को सील-मोहर के साथ पैक कर अनुसूची-1, 2 एवं 3 के अनुसार इन्वेंटरी तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी संबंधित इन्वेंटरी को सीएमएमएस पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।बैठक में जनगणना 2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) के कार्यों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि अगस्त 2026 में डीसीएचबी का कार्य शुरू होगा, जबकि इसका प्रशिक्षण जुलाई में आयोजित किया जाएगा। डीसीएचबी के भाग-ए के तहत ग्राम निर्देशिका एवं शहर निर्देशिका तैयार की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को क्षेत्रीय पदाधिकारियों की सूची निर्धारित प्रारूप में शीघ्र जनगणना निदेशालय को भेजने तथा उसकी प्रति जिला जनगणना कोषांग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने परिपत्र-9 एवं 18 में दिए गए दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

