अग्नि सुरक्षा सप्ताह का दूसरा दिन: बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर दिया सुरक्षा का संदेश
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में आग से बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रभात फेरी में ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल, नवानगर और आवासीय सेंट्रल पब्लिक स्कूल, रघुनाथपुर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

__ मॉक ड्रिल के जरिए सिखाए गए आग से बचाव के तरीके, शिखा कुमारी ने जागरूकता को बताया सबसे बड़ा हथियार
केटी न्यूज/डुमरांव
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में आग से बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रभात फेरी में ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल, नवानगर और आवासीय सेंट्रल पब्लिक स्कूल, रघुनाथपुर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।बच्चों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सड़कों पर रैली निकाली तथा विभिन्न स्लोगन के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए। “सावधानी ही सुरक्षा है” और “आग से बचाव, जीवन का बचाव” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र में जागरूकता का संदेश गूंजता रहा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बच्चों के प्रयास की सराहना की।

प्रभात फेरी के बाद ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल परिसर में एक बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल में बच्चों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में तुरंत क्या कदम उठाने चाहिए, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई। अग्निशमन कर्मियों ने अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया और आपात स्थिति में फायर सर्विस के टोल फ्री नंबर की जानकारी भी साझा की।इस पूरे कार्यक्रम का संचालन जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुभाष कुमार सिंह के निर्देश पर किया गया, जबकि नेतृत्व अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी शिखा कुमारी ने किया।

कार्यक्रम में अग्निक मनीष कुमार सिंह, मणिभूषण, राज सिंह, विक्रम कुमार और आनंद कुमार सहित पेप्सी प्लांट के फायर सुरक्षा कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी शिखा कुमारी ने कहा कि “अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही सबसे प्रभावी बचाव है। यदि लोग सतर्क रहें और आग लगने की स्थिति में सही तरीके अपनाएं, तो बड़ी घटनाओं को टाला जा सकता है। बच्चों को शुरू से ही इन बातों की जानकारी देना बेहद जरूरी है, ताकि वे खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक कर सकें।”उन्होंने आगे कहा कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत लगातार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के हर वर्ग तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके।

