पूर्व सैनिकों की बैठक में दो युवा सैन्य अधिकारियों का सम्मान

भारतीय सेना में चयनित बक्सर के दो युवा अधिकारियों की सफलता पर रविवार को इंडियन एक्स-सर्विसमेन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सैनिक कार्यालय, मां मुंडेश्वरी अस्पताल में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 205 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने भाग लिया।

पूर्व सैनिकों की बैठक में दो युवा सैन्य अधिकारियों का सम्मान

__ सेना में चयन से बढ़ाया बक्सर का मान, दो युवा अधिकारियों को मिला सम्मान

आईईएसएम की बैठक में 205 पूर्व सैनिक व वीरांगनाएं जुटीं, नेत्र जांच शिविर में सैकड़ों ने कराया परीक्षण

केटी न्यूज/बक्सर।

भारतीय सेना में चयनित बक्सर के दो युवा अधिकारियों की सफलता पर रविवार को इंडियन एक्स-सर्विसमेन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सैनिक कार्यालय, मां मुंडेश्वरी अस्पताल में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 205 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईईएसएम के चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।इस दौरान भारतीय सेना में चयनित डीहूपुर निवासी फ्लाइंग ऑफिसर रौशन कुमार द्विवेदी तथा बकसड़ा निवासी लेफ्टिनेंट विकास कुमार यादव, पिता सूबेदार मंगल सिंह यादव, को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

दोनों अधिकारियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने की प्रेरणा दी।बैठक में यह भी बताया गया कि नियाजीपुर निवासी लेफ्टिनेंट मनोज पाठक और चक्की परसिया डेरा निवासी लेफ्टिनेंट विशाल पाण्डेय का भी भारतीय सेना में चयन हुआ है। अपरिहार्य कारणों से दोनों कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। बक्सर पहुंचने पर उन्हें भी संगठन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में पटना के सेंटर फॉर साइट की टीम ने नेत्र जांच शिविर लगाया। सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने अपनी आंखों की जांच कराई। चिकित्सक डॉ. यशवीर ने कहा कि यदि तीन-चार मरीज ऑपरेशन के लिए तैयार मिलते हैं तो उनके आने-जाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी।

चिकित्सकीय टीम को भी आईईएसएम पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। वहीं, नेत्र विभाग की टीम ने संगठन के 21 वरिष्ठ पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।बैठक में पूर्व सैनिकों को सैन्य सुविधाओं, पेंशन और दस्तावेजों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील की। लेफ्टिनेंट आरबी ओझा ने दस्तावेज दुरुस्त रखने, जबकि चौगाईं प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन कन्हैया पंडित ने पेंशन संबंधी जानकारी साझा की।अंत में सोनवर्षा निवासी हवलदार ललन मिश्रा एवं मठिला निवासी हवलदार रामायण सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ सभापति कैप्टन बीएन पाण्डेय ने बैठक के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम में कैप्टन श्रीनिवास सिंह, सूबेदार मेजर द्वारिका पाण्डेय, सूबेदार अरविंद शर्मा समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, पदाधिकारी एवं वीरांगनाएं मौजूद रहीं।