मजदूरी के बहाने बुलाया, पेड़ से बांधा और पीटा

मजदूरी कराने के बहाने घर के हाता में बुलाना और फिर चोरी का आरोप लगाकर एक मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटना मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बड़का ढकाइच गांव में हुई इस घटना में मजदूर छोटक पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

मजदूरी के बहाने बुलाया, पेड़ से बांधा और पीटा

__ बैटरी चोरी का आरोप लगाकर मजदूर की बेरहमी से पिटाई, सड़क किनारे घायल अवस्था में छोड़ने का आरोप; छह लोगों पर प्राथमिकी

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।

मजदूरी कराने के बहाने घर के हाता में बुलाना और फिर चोरी का आरोप लगाकर एक मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटना मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बड़का ढकाइच गांव में हुई इस घटना में मजदूर छोटक पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर का इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। मामले में पीड़ित के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि 11 सितंबर को कुछ लोगों ने उसे मजदूरी कराने की बात कहकर अपने घर के हाता में बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपितों ने उसे पकड़ लिया और आम के पेड़ में रस्सी के सहारे बांध दिया। इसके बाद वाहन की बैटरी चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी गई।

पीड़ित का आरोप है कि काफी देर तक पिटाई करने के बाद उसे घायल हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया गया। आसपास के लोगों की नजर पड़ने पर स्थानीय स्तर पर मदद मिली और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।प्राथमिकी में जूली दूबे, करिया दूबे और रोहित दूबे समेत छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। घटना को लेकर गांव में भी चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोरी का संदेह होने पर पुलिस को सूचना देने के बजाय किसी व्यक्ति को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट करना गंभीर मामला है।इधर, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।