राजस्व मामलों की शिकायतें रहीं हावी, तीन पंचायतों के सहयोग शिविर में पहुंचे 87 आवेदन

प्रखंड के भटौली, रूपसागर और वैना पंचायतों में मंगलवार को आयोजित "सरकार आपके द्वार" सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 87 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें करीब 90 प्रतिशत आवेदन भूमि, दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण और अन्य राजस्व मामलों से जुड़े रहे।

राजस्व मामलों की शिकायतें रहीं हावी, तीन पंचायतों के सहयोग शिविर में पहुंचे 87 आवेदन

केटी न्यूज/नावानगर

प्रखंड के भटौली, रूपसागर और वैना पंचायतों में मंगलवार को आयोजित "सरकार आपके द्वार" सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 87 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें करीब 90 प्रतिशत आवेदन भूमि, दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण और अन्य राजस्व मामलों से जुड़े रहे। इससे स्पष्ट है कि प्रखंड क्षेत्र में राजस्व संबंधी समस्याएं अब भी लोगों की प्रमुख चिंता बनी हुई हैं। शिविर दो पालियों में आयोजित किया गया। पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक भटौली एवं रूपसागर पंचायत में तथा अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक वैना पंचायत में शिविर लगा। जिला प्रशासन की ओर से भटौली पंचायत में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि तथा रूपसागर एवं वैना पंचायत में वरीय उप समाहर्ता अजय कुमार ने शिविर की निगरानी की।

अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। भटौली पंचायत में सबसे अधिक 52 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि रूपसागर में 22 और वैना पंचायत में 13 आवेदन जमा किए गए। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर आवेदकों को राहत दी गई, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया गया। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं को बेझिझक प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। शिविर का उद्घाटन डीडीसी निहारिका छवि एवं भटौली पंचायत के मुखिया विजय सिंह उर्फ भोला सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बीडीओ सूरज सिंह, बीपीआरओ श्यामबिहारी प्रसाद, पीओ संतोष कुमार, पंचायत सचिव, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी तथा पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि सभी लंबित आवेदनों का नियमानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।