ट्रेन पकड़ने जा रहे परिवार की यात्रा बनी हादसा, चौसा स्टेशन मार्ग पर ई-रिक्शा पलटा
चौसा स्टेशन पहुंचकर ट्रेन पकड़ने निकले एक परिवार की यात्रा सोमवार की शाम उस समय हादसे में बदल गई, जब उनका ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा स्टेशन मार्ग पर हुई इस दुर्घटना में एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए।

__ महिला समेत पांच लोग घायल, दो की हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर; पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
केटी न्यूज/चौसा।
चौसा स्टेशन पहुंचकर ट्रेन पकड़ने निकले एक परिवार की यात्रा सोमवार की शाम उस समय हादसे में बदल गई, जब उनका ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा स्टेशन मार्ग पर हुई इस दुर्घटना में एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बक्सर रेफर कर दिया, जबकि अन्य का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौसा में किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवनी पंचायत के काशीपुर गांव का एक परिवार ट्रेन पकड़ने के उद्देश्य से ई-रिक्शा से चौसा स्टेशन जा रहा था। सोमवार की शाम करीब आठ बजे चौसा स्टेशन मार्ग पर अचानक चालक वाहन से संतुलन खो बैठा।

इससे ई-रिक्शा सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तत्काल राहत कार्य में जुट गए।स्थानीय लोगों ने पलटे हुए ई-रिक्शा को सीधा कर उसमें फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान काशीपुर निवासी मुकेश राय, सरेंजा के जदपुरवा निवासी दयाशंकर राय की पत्नी सुनीता देवी (38), रामपुर के तिवाय गांव निवासी मांगरी देवी (70), सरोज देवी (35) तथा पांच वर्षीय आरव कुमार के रूप में हुई है।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मुकेश राय और सुनीता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बक्सर रेफर कर दिया। वहीं अन्य तीन घायलों का इलाज सीएचसी चौसा में जारी रहा।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ई-रिक्शा के अनियंत्रित होकर असंतुलित होने के कारण दुर्घटना होने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

