वृद्धा की संदेहास्पद स्थिति में मौत, हिरासत में बहु, जांच में जुटी पुलिस

वृद्धा की संदेहास्पद स्थिति में मौत, हिरासत में बहु, जांच में जुटी पुलिस

- कोरानसराय थाना क्षेत्र के परमानपुर गांव का है मामला, मुखिया के सूचना पर पहुंची पुलिस ने बरामद किया शव

केटी न्यूज/डुमरांव

कोरानसराय थाना क्षेत्र के परमानपुर गांव में एक 78 वर्षीय वृद्धा की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। उसके बहु पर ही हत्या का अरोप लगा है। पुलिस ने मृतका की बहु को हिरासत में ले पूछताछ कर रही है। घर में सास और बहु के अलावे कोई तीसरा नहीं था। मृतका की पहचान स्व. सीतराम यादव की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है।

जबकि हिरासत में ली गई उसकी बहु बड़े बेटे मनीष यादव की पत्नी रीमा देवी है। मनीष बैंगलोर में रह नौकरी करता है। मां की मौत की सूचना मिलते ही वह बैंगलोर से गांव के लिए चल पड़ा है। दिलचस्प है कि उसकी मौत रात में हुई थी, जबकि उसकी बहु ने इसकी सूचना किसी को नहीं दी थी। दोपहर में कनझरूआ पंचायत के मुखिया असरग अली की सूचना पर पहुंची कोरानसराय पुलिस ने

शव को कब्जे में लिया तथा बहु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। ग्रामीण सूत्रों की मानें तो बहु तथा सास के बीच गुरूवार को विवाद हुआ था। ग्रामीण आशंका जता रहे है कि इसी विवाद में बहु ने सास का गला घोट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि हत्या को आत्महत्या का रंग देने के लिए उसके गले में रस्सी का फंदा डाल दिया। गुरूवार को सास व बहु के बीच हुए विवाद, पूर्व के झगड़े तथा पुलिस को सूचना नहीं देने से बहु के खिलाफ पुलिस का शक पुख्ता हो गया। जिसके बाद बहु को पुलिस पकड़ थाने लाई।

 

शांति का पति व सास दोनों से होता था विवाद

ग्रामीण सूत्रों की मानें तो मृतका शांति देवी तथा उसके पुत्र मनीष से बहु रीमा का विवाद होते रहता था। कुछ वर्ष पहले विवाद में मनीष रीमा को छोड़ने को तैयार हो गया था। लेकिन बाद में पंचायती में उसने दुबारा विवाद नहीं करने की बात कही थी। इसके बाद मनीष उसे मायके से दुबारा लाया था। कुछ दिनों तक मनीष भी गांव पर रूक अपनी पत्नी की हरकतों को देख रहा था। इस दौरान पत्नी के व्यवहार में हो रहे बदलाव को देख वह खुश हो बैंगलोर गया था। लेकिन इसी बीच गुरूवार को उसकी मां की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। ग्रामीणों की मानें तो मृतका का एक अन्य बेटा भी है, जो कुछ वर्षों से गायब हो गया है। 

कहते है थानाध्यक्ष

घटना स्थल पर मिले साक्ष्य, मृतका के गले का निशान तथा पूर्व के विवाद से प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। मृतका की बहु को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। उसका पुत्र बैंगलोर से गांव आ रहा है।