मुंगाव पंचायत में सहयोग शिविर का शुभारंभ, 30 दिनों में आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित किए जा रहे "सहयोग शिविर" के तहत मंगलवार को डुमरांव प्रखंड की मुंगाव पंचायत में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

मुंगाव पंचायत में सहयोग शिविर का शुभारंभ, 30 दिनों में आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश

__ विधायक संतोष कुमार निराला, जिलाधिकारी साहिला और एसपी शुभम आर्य ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित किए जा रहे "सहयोग शिविर" के तहत मंगलवार को डुमरांव प्रखंड की मुंगाव पंचायत में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संतोष कुमार निराला, जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से किया।उद्घाटन के बाद विधायक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान जिलाधिकारी साहिला ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या का प्रभावी समाधान करना है, ताकि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि विवाद, चापाकल, नल-जल योजना, विद्युत आपूर्ति, कृषि फार्मर आईडी समेत विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन की सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से प्रविष्टि की जाए तथा आवेदकों को तत्काल प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकें।उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को सहयोग पोर्टल पर अपलोड करते हुए 30 दिनों के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित आवेदकों को समय-समय पर कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।विधायक संतोष कुमार निराला ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनसमस्याओं का समाधान लोगों के द्वार तक पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रहा है।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सहयोग शिविरों में भाग लेकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने भी आमजनों से अपने-अपने प्रखंडों में आयोजित सहयोग शिविरों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।इस अवसर पर सहायक समाहर्ता बक्सर, डुमरांव एसडीएम राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता टेस लाल सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार पाण्डेय, अंचलाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।