एलपीजी पर जिला प्रशासन की सख्ती: कालाबाजारी पर नजर, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और कालाबाजारी व जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी और कर्मी लगातार गैस एजेंसियों के उठाव और वितरण की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 27 गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिससे फिलहाल किसी भी तरह की आपूर्ति बाधित होने की आशंका नहीं है।
-- एक दिन में 3904 सिलेंडर वितरण, एजेंसियों के पास 2723 का स्टॉक, घबराकर अतिरिक्त बुकिंग न करने की अपील
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और कालाबाजारी व जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी और कर्मी लगातार गैस एजेंसियों के उठाव और वितरण की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 27 गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिससे फिलहाल किसी भी तरह की आपूर्ति बाधित होने की आशंका नहीं है।प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 28 मार्च को जिले में कुल 3904 उपभोक्ताओं के बीच गैस सिलेंडर का वितरण किया गया।

वहीं उसी दिन गैस एजेंसियों के पास करीब 2723 सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद रहा। वर्तमान स्टॉक और बॉटलिंग प्लांट से मिल रही नियमित आपूर्ति के आधार पर जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता संतोषजनक बताई जा रही है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में तत्काल किसी प्रकार के गैस संकट की संभावना नहीं है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर लेने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे कृत्रिम संकट की स्थिति बन सकती है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय पर होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाएं, ताकि गोदामों पर भीड़ न लगे।ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कंपनियों ने सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। इंडेन गैस के लिए व्हाट्सएप नंबर 7588888824, मिस्ड कॉल 8454955555 और आईवीआरएस 7718955555 पर बुकिंग की जा सकती है।

एचपी गैस के लिए व्हाट्सएप 9222201122, मिस्ड कॉल 9493602222 और आईवीआरएस 8888823456 उपलब्ध है। वहीं भारत गैस के उपभोक्ता व्हाट्सएप 1800224344, मिस्ड कॉल 7710955555 और आईवीआरएस 7715012345 के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं।गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट गाइडलाइन भी जारी की है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ता अंतिम डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन निर्धारित की गई है। इस व्यवस्था का उद्देश्य अनावश्यक बुकिंग पर रोक लगाना और सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस उपलब्ध कराना है।शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए जिला नियंत्रण कक्ष सातों दिन व 24 घंटे सक्रिय है। उपभोक्ता अपनी समस्या 06183-223333 नंबर पर दर्ज करा सकते हैं

28 मार्च तक नियंत्रण कक्ष में कुल 463 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 403 का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष पर कार्रवाई जारी है।इधर, जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार भौतिक जांच की जा रही है। जिन प्रतिष्ठानों पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिल रही है, उन्हें चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को बाधित करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही गैस बुकिंग करें।

