बक्सर में एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती, कालाबाजारी पर कार्रवाई तेज
जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के तहत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।

__ 27 गैस एजेंसियों के जरिए हो रही आपूर्ति, 25-45 दिन बाद ही नई बुकिंग की अनुमति
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के तहत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।कंपनीवार उपभोक्ताओं की संख्या पर नजर डालें तो इंडियन ऑयल के 2,02,360, भारत पेट्रोलियम के 57,517 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 90,668 घरेलू उपभोक्ता हैं। 13 मार्च 2026 से 2 मई 2026 तक कुल 2,32,194 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि एजेंसियों के पास 3,492 सिलेंडर का भंडार शेष है।

जिले में प्रतिदिन औसतन 6,419 सिलेंडरों की मांग के मुकाबले 5,525 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में 26,146 रिफिल बुकिंग लंबित हैं, जिससे लगभग 4.7 दिनों का बैकलॉग बना हुआ है। आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को अंतिम डिलीवरी के 25 दिनों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिनों के बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति दी गई है।एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। वरीय अधिकारियों द्वारा लगातार एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। अब तक कालाबाजारी के मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। 2 मई को 8 एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया गया।

आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्या के लिए लोग 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक 1,282 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1,279 का निष्पादन किया जा चुका है।प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलोग्राम के छोटे एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, वैवाहिक और श्राद्ध कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति हेतु विशेष व्यवस्था बनाई गई है। इसके तहत आवेदक को शादी कार्ड के साथ अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देना होगा, जिसके आधार पर आवश्यकतानुसार गैस उपलब्ध कराई जाएगी।अब तक बक्सर अनुमंडल में 498 और डुमरांव अनुमंडल में 462 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगातार आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

