डीएम साहिला सख्त: अखबारों में छपी हर शिकायत पर होगी तत्काल कार्रवाई, लापरवाही पर मांगा जवाब

जिलाधिकारी साहिला ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित जनसमस्याओं को अब नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अखबारों में प्रकाशित प्रत्येक शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर उसका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

डीएम साहिला सख्त: अखबारों में छपी हर शिकायत पर होगी तत्काल कार्रवाई, लापरवाही पर मांगा जवाब

__ प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, नैनीजोर की बिजली व्यवस्था सुधारने, एसटीपी व मोक्षधाम निर्माण में तेजी लाने और दिशा बैठक के मुद्दों का प्राथमिकता से समाधान करने का निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी साहिला ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित जनसमस्याओं को अब नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अखबारों में प्रकाशित प्रत्येक शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर उसका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी समाचार से संबंधित कार्रवाई लंबित नहीं रहनी चाहिए।समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं एवं विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता सहित सभी तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग (बक्सर एवं डुमरांव), विद्युत विभाग, बीआरपी, लघु सिंचाई विभाग, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल), सिंचाई प्रमंडल, बुडको तथा भवन प्रमंडल के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित सड़क, नल-जल योजना तथा विद्युत आपूर्ति से जुड़ी खबरों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए और प्रत्येक शिकायत का समाधान तय समय-सीमा के भीतर किया जाए।

ब्रह्मपुर प्रखंड के नैनीजोर क्षेत्र में खराब विद्युत आपूर्ति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।वहीं सिविल लाइंस स्थित जलमीनार को लेकर प्रकाशित समाचार पर बुडको के अधिकारियों ने बताया कि जलमीनार को दोबारा चालू कर दिया गया है और वहां जलापूर्ति सामान्य कर दी गई है।बैठक में दिशा बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए तकनीकी विभागों से संबंधित मुद्दों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और आवश्यक कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न हो।

बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। संबंधित कार्यपालक अभियंता की अनुपस्थिति पर उन्होंने उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया और कार्यों में तेजी लाने की चेतावनी दी।जिलाधिकारी ने बुडको को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। विभाग की ओर से बताया गया कि मोक्षधाम निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रगति यात्रा के तहत स्वीकृत अटल कला भवन, मोक्षधाम, स्टेडियम सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति के उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ नियमित रूप से पीएमजी ग्रुप में उपलब्ध कराने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा। सभी तकनीकी विभाग जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा समाचार पत्रों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक मुद्दे पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।