देवकुली उच्च विद्यालय में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
प्रखंड ब्रह्मपुर अंतर्गत विश्वंभरनाथ ब्रह्मदेव ओझा उच्च विद्यालय, देवकुली में गुरुवार को साइबर सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में बढ़ते खतरों से सतर्क करते हुए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक बनाना था।

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
प्रखंड ब्रह्मपुर अंतर्गत विश्वंभरनाथ ब्रह्मदेव ओझा उच्च विद्यालय, देवकुली में गुरुवार को साइबर सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में बढ़ते खतरों से सतर्क करते हुए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक बनाना था।इस अवसर पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फेक लिंक, फर्जी प्रोफाइल तथा ओटीपी और पासवर्ड से जुड़ी धोखाधड़ी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारीपूर्वक करें।

कार्यक्रम के दौरान साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और भारत सरकार के साइबर पोर्टल के बारे में भी जानकारी साझा की गई, ताकि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या अपराध की स्थिति में तुरंत सहायता ली जा सके।इस मौके पर राहुल कुमार (स्टेट कॉर्डिनेटर, माइक्रोसेब कंसल्टिंग), शशिरंजन ओझा (आकांक्षी प्रखंड फैलो) तथा प्रदीप केवट (गांधी फैलो, पिरामल फाउंडेशन) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें सतर्क डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से उनके समाधान प्राप्त किए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी अपने परिवार और समाज तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल धोखाधड़ी से सुरक्षित रह सकें।

