होली-ईद से पहले प्रशासन का सख्त संदेश: डीजे पर रोक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
होली, रमजान और आगामी ईद पर्व को लेकर डुमरांव अनुमंडल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को डुमरांव थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने साफ कर दिया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केटी न्यूज़/डुमरांव
होली, रमजान और आगामी ईद पर्व को लेकर डुमरांव अनुमंडल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को डुमरांव थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने साफ कर दिया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में एसडीओ राकेश कुमार और डीएसपी पोलस्त कुमार ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। अधिकारियों ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र के सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान कर ली गई है, जहां दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

साथ ही लगातार गश्ती और निगरानी की व्यवस्था रहेगी।प्रशासन ने पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण और संभावित विवाद की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके अलावा अवैध शराब की बिक्री और सेवन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संबंधित क्षेत्रों में छापेमारी की कार्रवाई भी की जाएगी।डीएसपी ने कहा कि असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर झूठी या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

किसी भी तरह की अफवाह फैलाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की गई।इस दौरान बीडीओ संदीप कुमार पांडेय, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे समेत कई अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

