अतिक्रमण की जद में कुंवर पथ, 30 फीट की सड़क सिमटकर रह गई 10 फीट
सोनवर्षा बाजार का मुख्य मार्ग कुंवर पथ इन दिनों अतिक्रमण की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। कभी लगभग 30 फीट चौड़ी रही यह सड़क अब सिमटकर महज 10 फीट की रह गई है। सड़क के दोनों किनारों पर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के कारण प्रतिदिन घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के पीछे प्रशासनिक उदासीनता भी एक बड़ा कारण है। कई लोगों ने सड़क किनारे मकान, दुकान और पक्का चबूतरा बनाकर स्थायी कब्जा कर रखा है।
--प्रशासनिक उदासीनता से रोज लग रहा जाम, आमलोग हलकान
केटी न्यूज/नावानगर
सोनवर्षा बाजार का मुख्य मार्ग कुंवर पथ इन दिनों अतिक्रमण की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। कभी लगभग 30 फीट चौड़ी रही यह सड़क अब सिमटकर महज 10 फीट की रह गई है। सड़क के दोनों किनारों पर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के कारण प्रतिदिन घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के पीछे प्रशासनिक उदासीनता भी एक बड़ा कारण है। कई लोगों ने सड़क किनारे मकान, दुकान और पक्का चबूतरा बनाकर स्थायी कब्जा कर रखा है। वहीं अस्थायी दुकानदार ठेला और स्टॉल लगाकर शेष बची जगह भी घेर लेते हैं।

नतीजतन दो बड़े वाहन एक साथ नहीं गुजर पाते और थोड़ी सी भी भीड़ लगते ही लंबा जाम लग जाता है।जाम की स्थिति ऐसी हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। आपातकालीन सेवा की गाड़ियां भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे कभी-कभी गंभीर हालात उत्पन्न हो जाते हैं।स्थानीय नागरिकों ने अंचल प्रशासन और नगर पंचायत से कुंवर पथ को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बाजार क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह ठप हो सकता है।

--कई लोगों ने सड़क की जमीन पर बना लिया है मकान, दुकान और चबूतराः
सोनवर्षा के कुंवर पथ पर एक तरफ फुटपाथी दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है, तो वही कई लोगों ने सड़क की जमीन पर मकान, दुकान और चबूतरा बनाकर कब्जा कर लिया है। फलस्वरूप सड़क की चौड़ाई सिमट कर रह गई है। यहां तक की पानी निकासी के लिए बनी नाला पर भी लोगों ने पत्थर एवं मिट्टी डालकर कर दखल कब्जा कर लिया है।

--प्रशासनिक के उदासीनता से बढती जा रही है अतिक्रमणः
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुंवर पथ को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग कई बार जिला प्रशासन, अनुमंडल प्रशासन तथा अंचल प्रशासन के अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासनिक उदासीनता के कारण अतिक्रमण का दायरा दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। लोगों ने शीघ्र सख्त अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र में सुचारु आवागमन बहाल हो सके।

