नीलाम पत्र के 20 मामलों पर डीडीसी की सुनवाई, एक में वसूले गए 50 हजार रुपये
बकाया सरकारी राशि की वसूली और लंबित नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में डीडीसी निहारिका छवि की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में नीलाम पत्र वाद से जुड़े कुल 20 मामलों की सुनवाई की गई।

__ लंबित वादों के निपटारे में तेजी लाने का निर्देश, बकायेदारों से राशि वसूली को लेकर प्रशासन सख्त
केटी न्यूज/बक्सर।
बकाया सरकारी राशि की वसूली और लंबित नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में डीडीसी निहारिका छवि की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में नीलाम पत्र वाद से जुड़े कुल 20 मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान एक मामले में बड़ी सफलता मिली, जब संबंधित देनदार ने अधियाची विभाग के पक्ष में 50 हजार रुपये की बकाया राशि जमा करा दी।सुनवाई में संबंधित अधियाची विभागों के प्रतिनिधियों, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम तथा विभिन्न मामलों से जुड़े देनदार उपस्थित रहे। डीडीसी ने एक-एक मामले की समीक्षा करते हुए संबंधित पक्षों का पक्ष सुना तथा उपलब्ध अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया।

इस दौरान बकाया राशि की वसूली से जुड़े मामलों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।वहीं, जिन मामलों में सुनवाई पूरी नहीं हो सकी, उनमें दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और दस्तावेजों की जांच के बाद अगली तारीख निर्धारित की गई। संबंधित पक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि सुनवाई में अनावश्यक विलंब न हो।प्रशासन का जोर लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने के साथ-साथ सरकारी बकाया राशि की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने पर है। एक मामले में 50 हजार रुपये जमा होना इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। शेष मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई आगे बढ़ाने की तैयारी है।


