जिला नियोजनालय की पहल, स्वरोजगार के लिए योग्य युवाओं को मिलेगा निःशुल्क टूल किट
जिले के बेरोजगार एवं प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में श्रम संसाधन विभाग, जिला नियोजनालय बक्सर द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर से प्राप्त जानकारी के अनुसार नियोजन सेवा के विस्तार के तहत योग्य अभ्यर्थियों को विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क टूल किट उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे स्वयं का रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।
केटी न्यूज/बक्सर
जिले के बेरोजगार एवं प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में श्रम संसाधन विभाग, जिला नियोजनालय बक्सर द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर से प्राप्त जानकारी के अनुसार नियोजन सेवा के विस्तार के तहत योग्य अभ्यर्थियों को विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क टूल किट उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे स्वयं का रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।इस योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मोबाइल रिपेयरिंग, ब्यूटिशियन, प्लम्बर, इलेक्ट्रॉनिक्स रिपेयर सहित अन्य व्यवसायिक एवं तकनीकी ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को संबंधित ट्रेड का टूल किट दिया जाएगा।

इसका उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा बेरोजगारी की समस्या को कम करना है।योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का बिहार राज्य का निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी की वार्षिक पारिवारिक आय अधिकतम तीन लाख रुपये होनी चाहिए तथा जिला नियोजनालय में न्यूनतम छह माह पूर्व से निबंधित होना आवश्यक है। लाभुकों के चयन में निबंधन की वरीयता को प्राथमिकता दी जाएगी।अभ्यर्थी को केंद्र अथवा राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम तीन माह का संबंधित ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त होना चाहिए।

इसके साथ ही अभ्यर्थी की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया में दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग तथा महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।यह भी स्पष्ट किया गया है कि एक अभ्यर्थी को नियोजन विभाग द्वारा संचालित स्टडी किट एवं टूल किट योजना में से केवल एक योजना का ही लाभ दिया जाएगा। जो अभ्यर्थी पूर्व में स्टडी किट या टूल किट प्राप्त कर चुके हैं, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे।

आवेदकों को विहित प्रपत्र में सभी आवश्यक कागजातों की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति के साथ जिला नियोजनालय, बक्सर में आवेदन जमा करना होगा। इस योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।प्राप्त आवेदनों की जांच एवं लाभुकों का चयन उप निदेशक, नियोजन पटना प्रमंडल, पटना की अध्यक्षता में गठित त्रिसदस्यीय समिति द्वारा किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 8210044587 पर संपर्क कर सकते हैं।
