केसठ बाजार में खराब पड़ा आरओ वाटर कूलर, पीने के पानी को भटक रहे लोग
भीषण गर्मी के बीच केसठ बाजार में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। बाजार में लाखों रुपये की लागत से लगाया गया आरओ वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है, जिसके कारण स्थानीय लोगों और बाजार आने वाले ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।


केटी न्यूज/केसठ ।
भीषण गर्मी के बीच केसठ बाजार में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। बाजार में लाखों रुपये की लागत से लगाया गया आरओ वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है, जिसके कारण स्थानीय लोगों और बाजार आने वाले ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार, केसठ पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि से वर्ष 2023-24 में करीब 2 लाख 72 हजार 500 रुपये की लागत से मोटर सहित आरओ वाटर कूलर लगाया गया था। लोगों का आरोप है कि लगने के कुछ ही दिनों बाद यह खराब हो गया और तब से बंद पड़ा है।

वर्तमान में यह केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गया है।बाजार में आने वाले लोगों के लिए पानी का मुख्य सहारा केवल एक हैंडपंप है, जो पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है। गर्मी के मौसम में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पंचायत जनप्रतिनिधियों से कई बार मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं की गई।ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से खराब पड़े आरओ वाटर कूलर की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बाजार आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

