एनपीए खाताधारकों को बड़ी राहत, समझौते पर रुकेगी कानूनी कार्रवाई
बिहार ग्रामीण बैंक ने एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट) खाताधारकों के लिए विशेष राहत एवं समझौता योजना शुरू की है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि इस योजना के तहत बकाया ऋण वाले ग्राहकों को आसान शर्तों पर समझौता कर कर्ज से राहत पाने का मौका दिया जा रहा है।

--सीमित अवधि की विशेष योजना लागू, बकायेदारों से आगे आने की अपील
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार ग्रामीण बैंक ने एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट) खाताधारकों के लिए विशेष राहत एवं समझौता योजना शुरू की है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि इस योजना के तहत बकाया ऋण वाले ग्राहकों को आसान शर्तों पर समझौता कर कर्ज से राहत पाने का मौका दिया जा रहा है।बैंक के मुख्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे खाताधारकों को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। योजना के अंतर्गत ऐसे ग्राहकों को भी राहत मिलेगी जिनके विरुद्ध वारंट जारी हो चुका है या गिरफ्तारी की प्रक्रिया लंबित है।

उन्होंने कहा कि समझौता प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित खाताधारकों पर चल रही गिरफ्तारी एवं अन्य विधिक कार्रवाई वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे लंबे समय से बैंक ऋण विवाद में उलझे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।मुख्य प्रबंधक ने बताया कि बैंक का उद्देश्य केवल वसूली करना नहीं, बल्कि ग्राहकों को आर्थिक संकट से बाहर निकालना और लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान करना है। इसके लिए खाताधारकों को बैंक शाखाओं में पहुंचकर योजना की जानकारी लेने और समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।

बैंक प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष समझौता योजना सीमित अवधि के लिए लागू की गई है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद बकायेदारों के खिलाफ पुनः सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है। ऐसे में पात्र खाताधारकों से जल्द पहल करने की अपील की गई है।

