कोरानसराय थाने में एसपी की सख्त दस्तक, फाइलों से लेकर फरार अपराधियों तक का लिया हिसाब

कानून-व्यवस्था को लेकर जिले में चल रहे सख्त अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य अचानक कोरानसराय थाना पहुंच गए। एसपी के औचक निरीक्षण से थाना परिसर में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों की स्थिति और अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की गहन समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

कोरानसराय थाने में एसपी की सख्त दस्तक, फाइलों से लेकर फरार अपराधियों तक का लिया हिसाब

__ लंबित कांडों पर जताई नाराजगी, वारंट निष्पादन और गिरफ्तारी अभियान तेज करने का निर्देश; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

केटी न्यूज/डुमरांव

कानून-व्यवस्था को लेकर जिले में चल रहे सख्त अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य अचानक कोरानसराय थाना पहुंच गए। एसपी के औचक निरीक्षण से थाना परिसर में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों की स्थिति और अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की गहन समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर, रिकॉर्ड रूम, मालखाना और हाजत का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति को बारीकी से देखा। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार को निर्देश दिया गया कि सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखें और लंबित मामलों का निष्पादन तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि थानों में लंबित मामलों का बढ़ता बोझ पुलिस की कार्यक्षमता पर सवाल खड़ा करता है, इसलिए अनुसंधान कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।एसपी ने विभिन्न आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान पदाधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट भी ली। उन्होंने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही कानून का भय कायम रख सकती है।अपराध नियंत्रण को लेकर भी एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने नियमित गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और वाहन जांच अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने आम लोगों और फरियादियों के प्रति पुलिस के व्यवहार को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि थाना जनता के लिए न्याय और सुरक्षा का पहला केंद्र है, इसलिए आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही थाना स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।अंत में पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए चेतावनी दी कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।