स्कूल में सेंध, 12 घंटे में चोर बेनकाब: सीसीटीवी की नजर से पुलिस पहुंची गिरोह तक, चार गिरफ्तार

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और लगातार दबिश के बल पर पुलिस ने चोरी गए सामानों की बरामदगी के साथ पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।

स्कूल में सेंध, 12 घंटे में चोर बेनकाब: सीसीटीवी की नजर से पुलिस पहुंची गिरोह तक, चार गिरफ्तार

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और लगातार दबिश के बल पर पुलिस ने चोरी गए सामानों की बरामदगी के साथ पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। इस कार्रवाई ने अपराधियों को साफ संदेश दिया है कि क्षेत्र में अपराध कर बच निकलना अब आसान नहीं होगा।जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात नया भोजपुर स्थित डॉलफिन स्कूल को चोरों ने निशाना बनाया। स्कूल परिसर में घुसकर बदमाशों ने एक गैस सिलेंडर और बड़ी बैटरी पर हाथ साफ कर दिया।

गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रिंसिपल आशुतोष कुमार सिंह ने नया भोजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। घंटों की पड़ताल के बाद फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं, जिसके आधार पर पुलिस ने लड़न खान उर्फ मो. शमसाद खान और सुनील खान उर्फ सेठी को हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बैटरी कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छोटका ढकाईच स्थित एक ई-रिक्शा रिपेयरिंग दुकान से बरामद की।

मामले में दुकान संचालक रंजन कुमार साह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं चोरी किया गया गैस सिलेंडर नया भोजपुर निवासी जलाल शेख के घर से बरामद हुआ, जिसके बाद उसे भी पुलिस ने दबोच लिया।पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल चार लोगों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।