बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करों के हौसले बुलंद, चौसा चेक पोस्ट पर लाखों की शराब के साथ पिकअप जब्त
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करी के नए-नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। तस्कर हर दिन नए तरीके अपनाकर शराब की खेप राज्य में खपाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बक्सर जिले के चौसा स्थित चेक पोस्ट पर तैनात उत्पाद विभाग की मुस्तैद टीम उनके मंसूबों पर लगातार पानी फेर रही है।

__ उत्पाद विभाग की घेराबंदी देख चालक वाहन छोड़ फरार, वीर कुंवर सिंह सेतु पर तस्करों की हर चाल नाकाम
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करी के नए-नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। तस्कर हर दिन नए तरीके अपनाकर शराब की खेप राज्य में खपाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बक्सर जिले के चौसा स्थित चेक पोस्ट पर तैनात उत्पाद विभाग की मुस्तैद टीम उनके मंसूबों पर लगातार पानी फेर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार की रात चौसा चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी एवं देसी शराब से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।जानकारी के अनुसार चौसा चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया।

उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन को तेज गति से लेकर भागने लगा। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल उसका पीछा शुरू किया। पीछा किए जाने पर चालक घबरा गया और स्टेशन रोड के समीप वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया।उत्पाद विभाग की टीम ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी और देसी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की सूची के अनुसार वाहन से विभिन्न ब्रांडों की कुल 20 लाख 35 हजार 920 मिलीलीटर शराब बरामद की गई है। बरामद खेप में देसी शराब, विदेशी शराब और बीयर शामिल हैं। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 10 लाख 23 हजार रुपये बताया जा रहा है।कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि शराब की खेप किसी दूसरे राज्य से बिहार में तस्करी कर लाई जा रही थी। अब उत्पाद विभाग वाहन के रजिस्ट्रेशन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने में जुट गया है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन स्वामी और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उत्पाद विभाग के अधिकारियों का मानना है कि बिहार में शराबबंदी के बाद तस्करों ने तस्करी के तौर-तरीकों में बदलाव किया है, लेकिन चौसा चेक पोस्ट और वीर कुंवर सिंह सेतु पर लगातार हो रही सघन जांच के कारण उनकी राह आसान नहीं रह गई है।

हाल के महीनों में यहां से कई बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी हैं, जिससे यह इलाका शराब तस्करों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है।यह कार्रवाई मध्य निषेध निरीक्षक एवं चौसा चेक पोस्ट प्रभारी प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में की गई। उत्पाद विभाग की इस सफलता को शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जांच अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा तथा किसी भी कीमत पर तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

