निर्माण सामग्री बनी हादसों की वजह, भैया-बहिनी पुल के पास दो ट्रकों की भिड़ंत

चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर भैया-बहिनी पुल के समीप सड़क पर फैली निर्माण सामग्री एक बार फिर दुर्घटना का कारण बन गई। मंगलवार की देर रात इसी स्थान पर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।

निर्माण सामग्री बनी हादसों की वजह, भैया-बहिनी पुल के पास दो ट्रकों की भिड़ंत

__ सड़क पर फैली बालू-गिट्टी से संकरा हुआ मार्ग, अंधे मोड़ पर हुआ हादसा; चालक सुरक्षित, वाहनों को भारी नुकसान

केटी न्यूज/चौसा

चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर भैया-बहिनी पुल के समीप सड़क पर फैली निर्माण सामग्री एक बार फिर दुर्घटना का कारण बन गई। मंगलवार की देर रात इसी स्थान पर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना के बाद एक ट्रक चालक अपना वाहन लेकर मौके से निकल गया।स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया चौड़ीकरण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से सड़क किनारे बालू और गिट्टी गिराई गई थी। समय पर इसकी सफाई नहीं होने के कारण बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री सड़क पर फैल गई है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और वाहनों के आवागमन में लगातार परेशानी हो रही है।

भैया-बहिनी पुल के समीप स्थित अंधा मोड़ स्थिति को और अधिक खतरनाक बना देता है, जहां सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है।बताया जाता है कि मंगलवार देर रात दोनों ट्रक इसी मार्ग से गुजर रहे थे। सड़क पर फैली गिट्टी और बालू के कारण वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। हालांकि दोनों ट्रकों के चालक और खलासी सुरक्षित रहे, लेकिन वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर फैली निर्माण सामग्री लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। पिछले एक सप्ताह के दौरान कई बाइक सवार भी फिसलकर घायल हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की सफाई नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।बुधवार सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। साथ ही सड़क पर फैली बालू और गिट्टी को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने भी विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि मार्ग को सुरक्षित बनाया जा सके।