होली खेलने के बाद गंगा स्नान करने गए दो युवकों की डूबने से मौत, मचा कोहराम

होली खेलने के बाद गंगा स्नान करने गए दो युवकों की डूबने से मौत, मचा कोहराम

- औद्योगिक थाना क्षेत्र के मझरियां गांव के थे दोनों युवक, उमरपुर बांध के पास से ग्रामीण गोताखोरों ने निकाला शव

केटी न्यूज/बक्सर

होली के दिन औद्योगिक थाना क्षेत्र के मझरियां गांव के दो युवकों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीण गोताखोरो ने आधे घंटे के अंदर ही उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन तबतक उनकी मौत हो गई थी। वही घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस व प्रशिक्षित गोताखोर भी पहुंचे थे।

लेकिन उसके पहले ही ग्रामीण गोताखोरों ने शव खोज निकाला था। मृतकों की पहचान मझरियां के बीरा राम के 19 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार तथा दिग्विजय कुमार के 18 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में होली का उमंग फीका पड़ गया।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ रंग छुड़ाने के लिए गंगा स्नान करने गए थे। उमरपुर बांध के पास गंगा में नहाने के दौरान दोनों डूब गए। साथ नहा रहे युवकों ने शोर मचा आस पास में मौजूद ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते कई लोग उन्हें बचाने के लिए गंगा में कूदे। गोताखोरों ने दोनों को करीब आधा घंटा बाद पानी से निकाल भी लिया।

लेकिन तबतक उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। वही पुलिस ने दोनों शवो का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। औद्योगिक थाने के थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है।