चलती श्रमजीवी एक्सप्रेस पकड़ने की कोशिश पड़ी भारी, युवक की हालत गंभीर
डुमरांव रेलवे स्टेशन पर सोमवार को चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन की रफ्तार पकड़ते समय संतुलन बिगड़ने से एक यात्री ट्रेन के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल यात्री को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव रेलवे स्टेशन पर सोमवार को चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन की रफ्तार पकड़ते समय संतुलन बिगड़ने से एक यात्री ट्रेन के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल यात्री को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, भटौली गांव निवासी विजय कुमार अपनी पत्नी, दो बच्चों और छोटे भाई के साथ दिल्ली जाने के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस से यात्रा करने पहुंचे थे। उनका एस-4 कोच में आरक्षण था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य पहले ही ट्रेन में सवार हो चुके थे।

इसी दौरान ट्रेन खुलने लगी और विजय कुमार ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। ट्रेन का हैंडल पकड़ते समय उनका हाथ फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठे और ट्रेन के नीचे जा गिरे।घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया, जिसके बाद परिजनों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। मौके पर मौजूद स्थानीय समाजसेवी राजीव रंजन सिंह समेत अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कुछ ही सेकंड में हो गया, जिससे स्टेशन पर मौजूद लोग सहम गए। इस घटना ने एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के खतरों को उजागर कर दिया। समाजसेवी राजीव रंजन सिंह ने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन छूटने की स्थिति में जोखिम उठाने के बजाय अगली ट्रेन का इंतजार करें, क्योंकि कुछ क्षणों की जल्दबाजी जीवनभर का दर्द बन सकती है।

